आरोप-अधीक्षक नकहा की शह पर चल रही अवैध क्लिनिक

झोलाछाप डॉक्टर व अनट्रेंड नर्सें मरीजों के जीवन के साथ जमकर खिलवाड़ कर रहे हैं

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लखीमपुर खीरी। खीरी जनपद के सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता जहां अवैध प्राइवेट अस्पतालों/क्लीनिकों पर शिकंजा कस रहे हैं, वहीं जुलाहन  पुरवा चौराहा पर सीएचसी अधीक्षक की शह पर अवैध क्लीनिकों का धड़ल्ले से संचालन हो रहा है। इन अवैध क्लीनिकों/अस्पतालों में  कस्बे के संपूर्णानगर रोड पर संचालित पीएचपी हॉस्पिटल नाम का क्लीनिक इन दिनों काफी चर्चा में हैं। आरोप है कि हॉस्पिटल /क्लीनिकों में तथाकथित झोलाछाप डॉक्टर व अनट्रेंड नर्सें मरीजों के जीवन के साथ जमकर खिलवाड़ कर रहे हैं।
 
जानकारी के मुताबिक खीरी जनपद के जुलाहन  पुरवा चौराहा  पर  एक बिल्डिंग में पीएचपी हॉस्पिटल नाम से एक प्राइवेट क्लीनिक/अस्पताल संचालित हो रहा है। बताते है कि इस क्लिनिक का स्वास्थ्य विभाग में अभी तक रजिस्ट्रेशन भी नहीं है और न ही यहां कोई एमबीबीएस डाक्टर बैठते हैं। इसके बावजूद इस मानकविहीन   क्लीनिक/अस्पताल में गंभीर से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भर्ती कर इलाज के नाम पर उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। सबसे खास बात तो यह है कि इस अवैध अस्पताल में महज़ झोलाछाप डाक्टर व अनट्रेंड नर्से धडल्ले से मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने में जुटे हैं। आलम यह है कि इस अवैध     क्लीनिक/अस्पताल में तथाकथित झोलाछाप डाक्टर सीजेरियन आपरेशन कर महिलाओं के प्रसव भी करा रहे हैं‌।  मरीजों के जीवन को खतरे में डाल रहे हैं।
 
आरोप है कि इस क्लीनिक के झोलाछाप डॉक्टर ने नकहा सीएचसी अधीक्षक समेत जिले के स्वास्थ्य विभाग में सेटिंग्स गेटिंग के तहत गहरी पैठ बना रखी है। जिसकी बदौलत वह धडल्ले से अपना अवैध कारोबार चला रहे हैं। पास पड़ोस के लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस क्लीनिक के संचालक ने क्षेत्र की आशा बहुओं समेत कई लोगों को मोटे कमीशन का लालच देकर अपना एजेंट बना रखा है। जोकि अपने मोटे कमीशन के लालच में अच्छे व बेहतर इलाज का झांसा देकर मरीजों को इस अवैध  क्लीनिक में इलाज देते है।
 
उसके बाद यहां पर नामचीन डाक्टरों के नाम पर इलाज कर मरीजों का जमकर शोषण किया जाता है। लोगों का आरोप है कि क्लीनिक  संचालक ने स्वास्थ्य विभाग में गहरी पैठ बना रखी है। इसी पैठ की बदौलत हॉस्पिटल में मरीजों के जीवन के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। खीरी जनपद में संचालित अवैध अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर खीरी सीएमओ डॉ संतोष कुमार गुप्ता लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनके अधीनस्थ अधिकारी उनके इस प्रयास को पलीता लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
 
इस अवैध अस्पताल के संचालन को लेकर नकहा सीएचसी अधीक्षक डॉ रामू वर्मा से बात की गई तो पहले तो उन्होंने जांच कर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही, लेकिन कुछ समय बाद ही सीएचसी अधीक्षक के सुर बदले नजर आये। इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ रामू वर्मा ने कहा कि मै सीएचसी अधीक्षक के पद पर तैनात हूं, दिन भर भाग दौड़ रहती है, आपकी फालतू शिकायतों के लिए मेरे पास समय नहीं है।  नकहा सीएचसी अधीक्षक की इन बातों से स्पष्ट झलक रहा है कि वह अपने कर्तव्य के प्रति कितने ईमानदार है ? फिलहाल अब देखना यह है कि खीरी सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता नकहा सीएचसी अधीक्षक व अवैध रूप से संचालित क्लीनिक के विरुद्ध क्या कार्रवाई करते है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें