Kushinagar : आरसीसी सड़क गुणवत्ता पर सवाल
बनने के दस दिन के भीतर ही टूटने लगी आरसीसी सड़क, घटिया निर्माण से ग्रामीणों में आक्रोश
कुशीनगर। जिले के विशुनपुरा विकास खण्ड के पिपरा जवाहिर गांव में निर्माणाधीन आरसीसी सड़क बनते ही क्षतिग्रस्त होने लगी है, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव के मुख्य मार्ग से शीतल यादव सहित अन्य ग्रामीणों के घर तक लगभग एक सप्ताह पूर्व आरसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण पूरा होने के महज कुछ ही दिनों के भीतर सड़क कई स्थानों से दरकने और टूटने लगी है।
नवनिर्मित सड़क की यह स्थिति देखकर गांव में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है तथा निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।
सूत्रों के अनुसार उक्त सड़क पर पहले से मौजूद खड़ंजा की ईंटों को जिम्मेदारों द्वारा अपने निजी कार्य में उपयोग के लिए उठा लिया गया, जिससे निर्माण की मजबूती प्रभावित हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Comments