21 जून को कानपुर सेंट्रल पर थम जाएंगे ट्रेनों के पहिए
24 घंटे नहीं चलेगी एक भी ट्रेन
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर करीब छह साल बाद एक बार फिर ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जब स्टेशन से 24 घंटे तक एक भी ट्रेन नहीं चलेगी। आगामी 21 जून 2026 को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसकी वजह लॉकडाउन नहीं, बल्कि रेलवे द्वारा किया जाने वाला इंटरलॉकिंग कार्य है।
जानकारी के मुताबिक, 21 जून को सुबह से अगले 24 घंटे तक कानपुर सेंट्रल से कोई भी ट्रेन संचालित नहीं होगी। इस दौरान स्टेशन पर इंटरलॉकिंग का महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा। इसके चलते कानपुर सेंट्रल से गुजरने वाली ट्रेनों को गोविंदपुरी और चंदारी स्टेशन से डायवर्ट कर संचालित किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इंटरलॉकिंग से पहले 11 जून से 20 जून तक प्री और नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य भी किया जाएगा। इसके लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति मांगी गई है।
रेलवे का कहना है कि यह कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन की सिग्नल व्यवस्था पूरी तरह कंप्यूटर आधारित हो जाएगी, जिससे भविष्य में सिग्नल फेल जैसी समस्याओं में काफी कमी आएगी और ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु होगा।
गौरतलब है कि कानपुर सेंट्रल देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है। यहां से प्रतिदिन करीब 300 ट्रेनें गुजरती हैं और एक से डेढ़ लाख यात्री रोजाना सफर करते हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार, रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद दिल्ली-हावड़ा रूट की ट्रेनों को गोविंदपुरी-चंदारी के रास्ते संचालित किया जाएगा, जबकि दिल्ली से लखनऊ जाने वाली ट्रेनों को गाजियाबाद-मुरादाबाद रूट से भेजे जाने की तैयारी है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
रेलवे समाचार railway news india Railway Infrastructure Railway Update Rail Traffic Block Signal System Upgrade Computerized Signalling Passenger Advisory Amit Kumar Singh Train Route Change Travel Alert कानपुर सेंट्रल इंटरलॉकिंग कार्य ट्रेन संचालन बंद रेल यातायात गोविंदपुरी स्टेशन चंदारी स्टेशन सिग्नल प्रणाली ट्रेन डायवर्जन यात्रियों के लिए सूचना


Comments