नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
जनगणना 2027 को लेकर जनसेवा केंद्र संचालकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण, एडीएम ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
डिजिटल जनगणना में CSC की अहम भूमिका, ज़ूम प्रशिक्षण के जरिए बढ़ाई गई तकनीकी दक्षता
भदोही 05 मई 2026:– जनगणना 2027 के अंतर्गत चल रहे प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के जनसेवा केंद्र संचालकों को ज़ूम के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) कुंवर वीरेन्द्र मौर्य के निर्देशन में एनआईसी में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा रहा है। जनसेवा केंद्र संचालकों की भूमिका इस प्रक्रिया में अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे आमजन को स्व-गणना (Self Enumeration) के लिए तकनीकी सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने संचालकों से अपेक्षा की कि वे नागरिकों को निर्धारित पोर्टल पर सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कराने में सहयोग करें।
प्रशिक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा जनगणना पोर्टल के संचालन, लॉगिन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं पूछे जाने वाले प्रश्नों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी चर्चा की गई, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी जनसेवा केंद्र संचालक अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता फैलाएं और अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक मिश्रा, ई डिस्ट्रिक मैनेजर आशुतोष श्रीवास्तव, एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments