स्मार्ट मीटर के विरोध में संघर्ष मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, सात सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जनपद में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सोमवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -जनपद में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सोमवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संदीप मिश्र ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे जनता की जेब पर सीधा डाका करार दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट और प्रीपेड मीटर के कारण आम जनता को भारी बिजली बिल का सामना करना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने मांग की कि इन मीटरों को तत्काल हटाया जाए। ज्ञापन में अन्य मांगों के तहत जनपद के श्रमिकों, रोजगार सेवकों और मनरेगा कर्मियों के लंबित मानदेय और मजदूरी का भुगतान शीघ्र कराने की बात कही गई है। इसके अलावा गेहूं खरीद केंद्रों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से निरीक्षण कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
 
मोर्चा ने हर घर नल योजना को पूरी तरह विफल बताते हुए इसकी सीबीआई जांच कराने और तब तक सभी गांवों में टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई। साथ ही मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक निगरानी समिति गठित करने की बात कही गई। इसके अतिरिक्त प्रचंड गर्मी को देखते हुए धधरौल की घाघर कैनाल और नगवां नहर को तत्काल खोलने तथा धधरौल डैम के ऊपर बंद किए गए रास्ते को आम जनता के लिए खोले जाने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के दौरान विन्दू खरवार, मुखलाल चेरो, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, अमन पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें