गोरखपुर गोला में मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, चंद घंटों में 5 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब के रहने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 14 नए मोबाइल व 1.40 लाख नकद बरामद

शत्रुघन मणि त्रिपाठी  Picture
Published On

रिपोर्ट- बृजनाथ तिवारी ( ग़ोला तहसील ) 
 
गोरखपुर, 4 मई। जनपद के गोला क्षेत्र में हुई मोबाइल दुकान चोरी की घटना का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना गोला पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस और एंटीथेफ्ट सेल की संयुक्त टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गोपालपुर तिराहे से दबोच लिया।
 
पुलिस के अनुसार, बीते रविवार तड़के करीब तीन बजे अज्ञात चोरों ने गोला बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखे महंगे मोबाइल फोन और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदार की तहरीर के आधार पर थाना गोला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
 
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गोपालपुर तिराहे से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सरजीत सिंह उर्फ काका, मलकीत सिंह, देवेन्दर कौर, सरबजीत और जगजीत सिंह उर्फ अमन रानी (ट्रांसजेंडर) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के विभिन्न जनपदों के निवासी बताए जा रहे हैं।
 
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 14 नए एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 2 कीपैड मोबाइल, 1,40,000 रुपये नकद, तीन अन्य उपयोग किए गए मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की छड़ बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
 
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह सुनियोजित तरीके से अलग-अलग राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।
 
इस पूरे मामले के सफल खुलासे में थाना गोला पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और एंटीथेफ्ट सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Post Comments

Comments