सोच का बोझ नहीं, दिशा का चिंतन: ओवरथिंकिंग के दौर में युवा मन की सच्चाई

आज की युवा पीढ़ी एक ऐसे दौर में जी रही है जहाँ अवसर भी अनगिनत हैं और दबाव भी उतने ही गहरे।

Abhinav Shukla Picture
Published On

आज की युवा पीढ़ी एक ऐसे दौर में जी रही है जहाँ अवसर भी अनगिनत हैं और दबाव भी उतने ही गहरे। पढ़ाई, करियर, रिश्ते और आर्थिक स्थिरता की चिंता एक साथ दिमाग पर दस्तक देती है। इसी के बीच एक नया मानसिक पैटर्न तेजी से उभरा है ,ओवरथिंकिंग। हर दिन औसतन 89 मिनट अतिरिक्त सोच में बिताना और हर रात लगभग 28 मिनट की नींद सिर्फ विचारों में खो देना, यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं बल्कि एक मानसिक स्थिति का संकेत है। यह वह स्थिति है जहाँ सोच समाधान नहीं देती, बल्कि उलझनों का जाल बन जाती है। ऐसे में जरूरत सोचने की नहीं, बल्कि सही दिशा में चिंतन की है।
 
ओवरथिंकिंग की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि यह हमें सक्रिय दिखाती है, जबकि वास्तव में यह हमें निष्क्रिय बना देती है। हम लगातार “क्यों हुआ”, “कैसे हुआ”, “अब क्या होगा” जैसे सवालों के चक्र में घूमते रहते हैं। यह चक्र धीरे-धीरे हमारे आत्मविश्वास को कमजोर करता है और निर्णय लेने की क्षमता को कुंद कर देता है। युवा वर्ग खासतौर पर इस जाल में फंसा हुआ है क्योंकि उनके सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता ज्यादा है। वे अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण फैसलों के दौर में हैं, जहाँ हर विकल्प एक संभावना भी है और एक डर भी।
डिजिटल युग ने इस समस्या को और जटिल बना दिया है। सोशल मीडिया पर दूसरों की उपलब्धियों को देखकर तुलना की प्रवृत्ति बढ़ती है। हर किसी की सफलता एक दबाव बन जाती है। यह तुलना धीरे-धीरे आत्म-संदेह में बदल जाती है और व्यक्ति अपने ही फैसलों पर भरोसा खोने लगता है। परिणामस्वरूप, व्यक्ति सोचता तो बहुत है, लेकिन आगे बढ़ने के लिए कदम नहीं उठा पाता। यह स्थिति एक मानसिक थकान पैदा करती है, जो बाहर से दिखाई नहीं देती लेकिन अंदर से व्यक्ति को खोखला कर देती है।
 
ओवरथिंकिंग का असर सिर्फ मानसिक नहीं, शारीरिक भी होता है। नींद की कमी इसका सबसे स्पष्ट संकेत है। जब दिमाग लगातार सक्रिय रहता है, तो शरीर को आराम नहीं मिल पाता। यह स्थिति लंबे समय में तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को जन्म देती है। कई अध्ययनों में यह सामने आया है कि लगातार ओवरथिंकिंग करने वालों में डिप्रेशन का खतरा दो से तीन गुना तक बढ़ जाता है। यह एक चेतावनी है कि अगर समय रहते इसे नहीं समझा गया, तो इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं।
 
विभिन्न आयु वर्गों में ओवरथिंकिंग के कारण अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन उसका मूल स्वरूप एक जैसा ही रहता है। 18 से 35 वर्ष के युवा करियर, रिश्तों और भविष्य की अनिश्चितता को लेकर सबसे ज्यादा सोचते हैं। यह वह उम्र है जहाँ व्यक्ति अपनी पहचान बनाने की कोशिश करता है और हर निर्णय उसके भविष्य को प्रभावित करता है। वहीं 45 से 55 वर्ष के लोग आर्थिक स्थिरता और जिम्मेदारियों के दबाव में उलझे रहते हैं। 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में स्वास्थ्य और जीवन के फैसलों को लेकर चिंता अधिक होती है। यह स्पष्ट करता है कि ओवरथिंकिंग किसी एक वर्ग की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज में फैली एक मानसिक प्रवृत्ति है।
 
लेकिन सवाल यह है कि क्या हर सोच गलत है? बिल्कुल नहीं। सोच और चिंतन में एक बारीक अंतर है। सोच वह है जो बिना दिशा के चलती रहती है, जबकि चिंतन वह है जो किसी निष्कर्ष तक पहुंचने की कोशिश करता है। ओवरथिंकिंग में हम एक ही बात को बार-बार दोहराते हैं, जबकि चिंतन में हम समाधान की ओर बढ़ते हैं। यही अंतर समझना जरूरी है। जब हम अपने विचारों को नियंत्रित करना सीखते हैं, तब हम ओवरथिंकिंग से बाहर निकल सकते हैं।
 
इसके लिए सबसे पहले यह स्वीकार करना जरूरी है कि हर चीज हमारे नियंत्रण में नहीं होती। जीवन में अनिश्चितता एक स्वाभाविक तत्व है। इसे स्वीकार करने से मन का बोझ हल्का होता है। इसके साथ ही, अपने विचारों को लिखने की आदत भी मददगार हो सकती है। जब हम अपने विचारों को कागज पर उतारते हैं, तो वे स्पष्ट हो जाते हैं और हमें यह समझने में मदद मिलती है कि कौन से विचार जरूरी हैं और कौन से सिर्फ भ्रम पैदा कर रहे हैं।
 
योग और ध्यान इस दिशा में प्रभावी साधन हो सकते हैं। जब हम वर्तमान क्षण में जीना सीखते हैं, तो अतीत की गलतियों और भविष्य की चिंताओं का प्रभाव कम हो जाता है। ध्यान हमें अपने मन को देखने और समझने की क्षमता देता है। यह हमें सिखाता है कि हर विचार पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं है। कुछ विचारों को बस आने और जाने देना ही बेहतर होता है।
इसके अलावा, छोटे-छोटे कदम उठाने की आदत भी ओवरथिंकिंग को कम कर सकती है। जब हम किसी बड़े लक्ष्य को छोटे हिस्सों में बांटते हैं, तो वह कम डरावना लगता है। इससे निर्णय लेना आसान होता है और हम कार्रवाई की ओर बढ़ते हैं। याद रखना चाहिए कि पूर्णता से ज्यादा जरूरी प्रगति है। हर बार सही निर्णय लेना जरूरी नहीं है, लेकिन हर बार कुछ न कुछ सीखना जरूरी है।
 
समाज और परिवार की भूमिका भी इस संदर्भ में महत्वपूर्ण है। अगर युवा अपने विचारों और चिंताओं को खुलकर साझा कर सकें, तो उनका बोझ कम हो सकता है। संवाद एक ऐसा माध्यम है जो मन के भीतर जमा हुए विचारों को बाहर लाने में मदद करता है। इसके साथ ही, जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लेना भी एक समझदारी भरा कदम है। मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज करना अब संभव नहीं है।
 
अंततः, यह समझना जरूरी है कि जीवन एक प्रक्रिया है, कोई अंतिम परीक्षा नहीं। हर दिन हमें कुछ नया सिखाता है और हर अनुभव हमें मजबूत बनाता है। ओवरथिंकिंग हमें इस प्रक्रिया से दूर कर देती है, जबकि चिंतन हमें इसके करीब लाता है। इसलिए जरूरी है कि हम अपने विचारों के साथ संतुलन बनाना सीखें।
 
आज की युवा पीढ़ी के सामने चुनौतियाँ जरूर हैं, लेकिन उनके पास संभावनाएँ भी उतनी ही हैं। अगर वे ओवरथिंकिंग के जाल से बाहर निकलकर चिंतन की दिशा में कदम बढ़ाएं, तो वे न सिर्फ अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज के लिए भी एक सकारात्मक उदाहरण बन सकते हैं। सोच का बोझ छोड़कर जब हम चिंतन की राह चुनते हैं, तब ही हम वास्तव में आगे बढ़ पाते हैं।
 
         *कांतिलाल मांडोत*

About The Author

Post Comments

Comments

नवीनतम समाचार