पोखर में डूबने से दो चचेरे भाईयों की मौत
एकमा थाना क्षेत्र के फुचटी कला गांव की घटना
स्वतंत्र प्रभात | छपरा के सारण से संवाददाता की रिपोर्ट
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
एकमा (सारण)।
जिले के एकमा थाना क्षेत्र के फुचटी कला गांव में बुधवार की शाम एक हृदय विदारक घटना में एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों की पोखर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान रमेश राय के 9 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार और रविन्द्र यादव के 8 वर्षीय पुत्र अक्षय कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई थे और गांव के अन्य बच्चों के साथ पास के पोखर में स्नान करने गए थे।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की अपराह्न करीब तीन बजे पांच बच्चे पोखर में नहा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा बच्चा भी गहराई में पहुंच गया और दोनों की डूबने से मौत हो गई। साथ मौजूद अन्य तीन बच्चे किसी तरह बाहर निकलकर गांव पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ पोखर के पास जुट गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
मामले में मृतक के पिता रमेश राय ने इसे दुर्घटना बताते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराने का आवेदन दिया। थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर शव का पंचनामा तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया है। घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। दोनों परिवारों में शोक की गहरी छाया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पोखरों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


Comments