कोन अस्पताल में चिकित्सकों की मांग को लेकर जनांदोलन तेज, सैकड़ों लोगों ने भरी हुंकार
संघर्ष जारी है महिला चिकित्सक और हड्डी रोग विशेषज्ञ कोन अस्पताल में दिलाकर ही दम लेंगे- आनन्द पटेल दयालु
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
कोन / सोनभद्र-
रविवार को राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वाधान में ग्राम पंचायत खेतकटवा चौराहे पर एक बड़ा जागरूकता अभियान और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नव निर्माण सेना ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनन्द पटेल दयालु के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

अभियान के बाद खेतकटवा चौराहे से एक विशाल जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में आम जनता पैदल मार्च करते हुए अपनी मांगों को बुलंद करती नजर आई। पूरे क्षेत्र में गगनभेदी नारों की गूंज सुनाई दी,
अस्पताल में महिला डॉक्टर और हड्डी के डॉक्टर नियुक्त हो
यह क्षेत्र का अधिकार है, हमें मिलना चाहिए
आनन्द पटेल दयालु संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं।
इस दौरान आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि क्षेत्र की लगभग दो लाख आबादी को आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 70 किलोमीटर दूर मुख्यालय जाना पड़ता है। एक मरीज के साथ दो लोगों का आना-जाना मिलाकर करीब 600 रुपये केवल किराये में खर्च हो जाते हैं, जबकि दवा और इलाज का खर्च अलग से होता है।उन्होंने कहा कि यदि कोन अस्पताल में महिला डॉक्टर और हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति हो जाए, तो क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

यह जनांदोलन तब तक चलता रहेगा जब तक जनता को न्याय नहीं मिल जाता। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष महताब आलम ने कहा कि जिस तरह तेलगुड़वा से कोन सड़क का संकल्प लेकर मात्र 5 महीने में उसे पास कराया गया, उसी तरह यह मांग भी पूरी कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अस्पताल में जरूरी डॉक्टरों की नियुक्ति होगी।इसी तरह प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष कनौजिया ने कहा कि यह लड़ाई और मजबूत की जाएगी और आम जनता को न्याय दिलाया जाएगा।
इस अभियान में प्रदेश सचिव विकास कुमार गौड़, सत्यनारायण पटेल, चंद्रशेखर पटेल, प्रदीप भारती, श्यामा प्रसाद पटेल, राम विश्वास, रामनाथ पटेल, डॉक्टर गजाधर, राम बदन, देवदत्त कनौजिया, गुलजारी देवी, सविता देवी, जसोधा देवी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि यह जनांदोलन जनता के लिए है और जनता को न्याय दिलाना हमारी जिम्मेदारी है।


Comments