सिद्धार्थनगर : बांसी के डहरताल में होली खेलने के बाद नहाने गए दो  युवकों की डूबने से मौत

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

सिद्धार्थनगर, जिले के बांसी कोतवाली  क्षेत्र में बुधवार  की  शाम दो युवकों  की डहरताल में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय अनुप पुत्र कपिल, निवासी ग्राम प्रतापपुर बांसी, और दूसरा  18 वर्षीय शिवकरन पुत्र संजय, निवासी खचुआगढ़ पटेल नगर के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 
दोनों युवक  होली खेलने के बाद हाथ-मुंह धोने और नहाने के लिए डहरताल गए थे। नहाते समय गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक डूबने लगे। शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला।
 
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों युवकों को बांसी स्थित 50 शैय्यायुक्त संयुक्त चिकित्सालय ले गए। जहां  डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों  युवकों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
 
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम निखिल चक्रवर्ती, पुलिस क्षेत्राधिकारी शुवेंदु सिंह और प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक पुलिस फोर्स  के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर  और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक  का कहना है कि मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें