नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
महाराजगंज तराई में प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा खुलासा
नाली का गंदा पानी बना जानलेवा, रोज़ हो रहे हादसे – पीडब्ल्यूडी की चुप्पी पर उठे सवाल
बलरामपुर। जनपद के महाराजगंज तराई क्षेत्र में ललिया रोड स्थित महाराजगंज थाना मोड़ से आगे मुश्ताक की दुकान के पास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क इन दिनों गंभीर बदहाली का शिकार है। कस्बे का गंदा पानी नाली से निकलकर सीधे सड़क पर बह रहा है और भाखड़ा रोड तक फैल चुका है। हालात यह हैं कि सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है, जो राहगीरों के लिए मौत का गड्ढा साबित हो रहा है।
रोज़ाना हादसे, फिर भी जिम्मेदार खामोश
स्थानीय लोगों के अनुसार आए दिन दर्जनों लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं। दोपहिया वाहन सवार अक्सर गिर जाते हैं, जबकि कई बार चारपहिया वाहन भी पलटने की नौबत आ चुकी है। बरसात और रात के समय स्थिति और भयावह हो जाती है, जब पानी से भरे गड्ढे दिखाई तक नहीं देते।
“निकास नहीं है” कहकर विभाग झाड़ रहा पल्ला
ग्रामीणों ने कई बार लोक निर्माण विभाग बलरामपुर से शिकायत की, लेकिन विभाग का तर्क है कि नाली के पानी का कोई स्थायी निकास नहीं है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कागजात में नाली का निकास दर्ज है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि कागज़ों में व्यवस्था है तो जमीनी हकीकत में क्यों नहीं?
मुख्य मार्ग, हजारों लोगों की जीवनरेखा
लोहेपनिया के पूर्व प्रधान एवं लखनऊ हाईकोर्ट के अधिवक्ता महेंद्र तिवारी ने बताया कि यह मार्ग बलरामपुर, गोंडा और तुलसीपुर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी सड़क से यात्रा करते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, मरीज, व्यापारी और आम नागरिक इसी रास्ते पर निर्भर हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान न होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
उच्च स्तर पर शिकायत, जनहित याचिका की चेतावनी
महेंद्र तिवारी ने प्रमुख सचिव राजस्व, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग तथा मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित को देखते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की जाएगी।
जनता पूछ रही — हादसे का इंतज़ार क्यों?
शिव सिंह, राजेश, बालमुकुंद, मुस्तफा, रिंकू, सुमित, मुश्ताक सहित दर्जनों नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि अगर समय रहते सड़क की मरम्मत और नाली की निकासी की व्यवस्था नहीं हुई, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या फिर जनहित में तत्काल ठोस कदम उठाए जाएंगे?
स्वतंत्र प्रभात Road Repair Demand Public Works Department UP Balrampur News Update Maharajganj Tarai Road Issue Laliya Road Balrampur PWD Negligence Case Drain Water on Road Bhakhra Road Problem Uttar Pradesh Infrastructure News Road Accident Risk UP Main Road Damage Report Gramin Area Road Safety Administrative Laparwahi News Balrampur Latest Update Civic Issue Report High Court PIL Warning Mahendra Tiwari Advocate Government Complaint UP Rural Connectivity Crisis

Comments