ओटीएस के नाम पर ‘करंट’ मार गया सीएसपी संचालक

लाखों की ठगी का खुलासा

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया। सलेमपुर विद्युत उपकेंद्र पर बिजली बिल सुधार और ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में सीएसपी संचालक दीपक राव को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।मामला तब उजागर हुआ जब नगरा क्षेत्र के दो विद्युत उपभोक्ताओं ने एसडीओ नगरा जाहिद इकबाल से शिकायत की कि पूरा बकाया जमा करने के बावजूद उनके बिल में भुगतान दर्ज नहीं हुआ।
 
देवरिया गांव निवासी ललन राजभर ने जनवरी में 16 हजार रुपये जमा किए, लेकिन उन्हें मात्र दो हजार रुपये की रसीद दी गई। वहीं पिपरा पट्टी निवासी आशा देवी ने दो हजार रुपये ओटीएस योजना के तहत और छह हजार रुपये बकाया के रूप में जमा किए, लेकिन उनका भुगतान भी सिस्टम में अपडेट नहीं हुआ।शिकायत के बाद एसडीओ ने जेई जयप्रकाश यादव को जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान सलेमपुर उपकेंद्र पर तैनात सीएसपी संचालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। रिकॉर्ड खंगालने पर गड़बड़ी की पुष्टि हुई। इसके बाद एसडीओ व जेई, पीड़ितों को साथ लेकर नगरा थाने पहुंचे और साक्ष्य सहित तहरीर दी।
 
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामला गंभीर है और कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में करीब एक लाख रुपये की ठगी सामने आई है, जबकि 30 लाख रुपये तक के गोलमाल की आशंका जताई जा रही है। पूरे ओटीएस की सूची मंगाकर विस्तृत जांच की जा रही है।प्रथम दृष्टया 40 से अधिक लोगों के साथ धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और पीड़ित सामने आ सकते हैं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें