घरेलू कलह से तंग आकर विवाहिता ने की आत्महत्या

पेड़ से लटका मिला शव

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

राहुल जायसवाल की रिपोर्ट 
 
नैनी, प्रयागराज। औद्योगिक थाना क्षेत्र के मुंगारी, बल्लू का पूरा गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक विवाहिता का शव घर के पीछे कदम के पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
 
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मनोज यादव की शादी वर्ष 2009 में संजू देवी से हुई थी। दंपती के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। मनोज मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। झगड़े के बाद मनोज घर के पास स्थित एक मंदिर में आयोजित कीर्तन में चला गया।
 
इसी दौरान संजू देवी ने घर के पीछे स्थित कदम के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार भोर में जब मृतका की देवरानी घर के बाहर सफाई करने निकली तो उसने पेड़ पर शव लटका देखा। उसने शोर मचाकर परिजनों को बुलाया और मनोज को सूचना दी।
 
सूचना मिलते ही मनोज मौके पर पहुंचा और भाइयों की मदद से शव को नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें