नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव,कोहराम
परिजनों ने छेड़छाड़ के प्रयास के बाद उठाया कदम बताया
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के बछरावां रोड स्थित रणगांव में बुधवार दोपहर एक 17 वर्षीय छात्रा का शव घर के भीतर पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव निवासी सत्येंद्र सिंह अपनी पत्नी संतोष सिंह, बेटी प्रज्ञा सिंह (17) और बेटे प्रिंस (14) के साथ अधीन का पुरवा गांव के निकट नई बस्ती में रहते हैं। बुधवार को सत्येंद्र और उनकी पत्नी बिजली बिल जमा करने गए थे। बेटा स्कूल गया था।
दोपहर करीब 12 बजे जब दंपती लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर बेटी बरामदे की छत में लगे पंखे की हुक से लटकी दिखी। यह देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के तमाम लोग जुट गए। दरवाजे के बगल की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। फंदा काटकर नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मामले में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि मंगलवार शाम जब वे एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए थे, उसी दौरान घर के पास स्थित आरेडिका के लिए उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में काम करने वाले कुछ युवक छात्रा को खेत की ओर खींच ले गए और जबरदस्ती करने की कोशिश की। पास के तालाब में मछली पकड़ रहे लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग निकले। निमंत्रण से लौटने पर छात्रा ने पूरी बात अपने माता पिता को बताई।
सत्येंद्र भी उसी फैक्ट्री में काम करते हैं। परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक ने मामले को दबाने का दबाव बनाया और लौटकर बात करने को कहा। यह भी आरोप है कि फैक्ट्री मैनेजर ने आरोपी युवकों को वहां से हटा दिया। परिवार का कहना है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। छात्रा इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा दे रही थी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पंचायतनामा कराकर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।

Comments