नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
बलरामपुर में खेत गई महिला पर तेंदुए का हमला, मौत
ग्रामीणों में आक्रोश, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
बलरामपुर, बुधवार। जनपद के सुहेलवा वन्य जीव प्रभाग की भाभर रेंज अंतर्गत परसरामपुर गांव में बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे तेंदुए के हमले से एक 25 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड पचपेड़वा की परशुरामपुर ग्राम पंचायत निवासी मंजू (25) पत्नी रामेश्वर बुधवार सुबह घर से लगभग 100 मीटर दूर खेत की ओर गई थी।
परिजनों का आरोप है कि खेत के पास जंगल की ओर पहले से घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर जंगल की ओर ले जाने लगा।महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। लोगों की आवाज सुनकर तेंदुआ शव छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
दो महीने में चौथी घटना
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो महीनों में जंगल से सटे गांवों में बाघ या तेंदुए के हमलों की यह चौथी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने बच्चों और महिलाओं के अकेले खेत या जंगल की ओर जाने पर रोक लगा दी है।ग्राम प्रधान शेखर पांडे ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द ही तेंदुए को पकड़ने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
गश्त और पिंजरा लगाने की मांग
ग्रामीणों ने जंगल किनारे नियमित गश्त, तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने तथा प्रभावित परिवार को समुचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग समूह में ही खेतों की ओर जा रहे हैं।वहीं भाभर रेंज बीरपुर-सेमरा के क्षेत्रीय वन अधिकारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला अन्य महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। इसी दौरान किसी जंगली जानवर अथवा तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।घटना के बाद से ग्रामीणों की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Comments