नई एक्सप्रेस ट्रेन से पहले आरओबी-एफओबी निर्माण की मांग तेज

चंदवा में बढ़ती जाम समस्या पर उठे सवाल

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

टोरी/चंदवा, झारखंड:- टोरी रेलमार्ग पर प्रस्तावित नई एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन को लेकर क्षेत्र में बहस तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नई ट्रेन शुरू करने से पहले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण कराना अधिक जरूरी है, अन्यथा जाम और आवागमन की समस्या और गंभीर हो सकती है।
 
बताया जा रहा है कि टोरी जंक्शन पर ट्रेनों और मालगाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके कारण टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक लंबे समय तक बंद रहता है। कई बार आधे घंटे से अधिक समय तक आवागमन ठप रहता है, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। यदि नई एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू होता है तो फाटक के बंद रहने की अवधि और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
 
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले इस रेलमार्ग पर ट्रेनों की संख्या कम थी और फाटक दिन में सीमित समय के लिए बंद होता था, लेकिन वर्तमान में एक साथ कई मालगाड़ियों के गुजरने से स्थिति और जटिल हो गई है। जाम के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी, प्रसव के मामलों में कठिनाई और छात्रों-नौकरीपेशा लोगों को समय पर गंतव्य तक न पहुंच पाने जैसी समस्याएं सामने आती रही हैं।
 
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग का उपयोग न केवल चंदवा बल्कि आसपास के कई जिलों के लोग भी करते हैं। ऐसे में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण ही स्थायी समाधान हो सकता है। फुट ओवरब्रिज का कार्य भी लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे पैदल यात्रियों को जोखिम उठाकर पटरी पार करनी पड़ती है।जानकारी के अनुसार फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा होने के बावजूद पिछले एक वर्ष से बंद है, जबकि आरओबी के लिए कई बार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
 
स्थानीय लोगों ने रेलवे विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि नई ट्रेनों की शुरुआत से पहले बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाए। उनका कहना है कि जब तक आरओबी और एफओबी का निर्माण नहीं होता, तब तक नई ट्रेन से क्षेत्रवासियों को अपेक्षित राहत नहीं मिल पाएगी।क्षेत्रवासियों ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए अविलंब रेलवे ओवरब्रिज और फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि चंदवा में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें