नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
Ballia के कुंवर सिंह चौराहे पर पुलिस के सामने मारपीट
VIDEO वायरल; दोनों पक्षों से एक-एक हिरासत में
बलिया शहर के कुंवर सिंह चौराहे पर शनिवार को युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। यह घटना करीब 20 मिनट तक चलती रही और खास बात यह रही कि पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस लाइन के नजदीक स्थित चौराहे पर हुई इस मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक मिलकर एक युवक की पिटाई कर रहे हैं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने की कोशिश करता दिखता है, लेकिन दबंगों पर उसका कोई असर नहीं पड़ता और मारपीट जारी रहती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के लगभग 20 मिनट बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट का शिकार हुए युवक को हिरासत में लिया। युवक पुलिस से यह कहते हुए नजर आया कि “आप लोग जान से मरवाएंगे हमको, कोतवाली में मारेंगे। मैं पागल नजर आ रहा हूं।” विरोध के बावजूद पुलिस उसे गाड़ी में बैठाकर कोतवाली ले गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को थाने लाया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में देखा जाएगा।

Comments