मंडप से दूल्हे को उठा ले गई पुलिस शादी के दिन ही दूल्हा हुआ गिरफ्तार, रातभर चला हंगामा सामने आयी चौकाने वाली वजह
दुल्हन पक्ष ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप पत्नी ने बताई पूरी कहानी द्वारपूजा के दौरान पहुंची पुलिस जांच में आ रहे है सनसनीखेज वजह
आजमगढ़।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब पुलिस ने मंडप से ही दूल्हे को हिरासत में ले लिया। दूल्हा अपनी पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी करने जा रहा था। पहली पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी। इस घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और देर रात तक थाने में पंचायत चलती रही।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार दूल्हा आदर्श मौर्य, जो वाराणसी नगर निगम में संविदाकर्मी बताया जा रहा है, पहले से शादीशुदा है। उसकी पहली पत्नी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आदर्श मौर्य ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी तय कर ली है और उसे इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई।
शिकायत में यह भी कहा गया कि दूल्हा चुपके से दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है, जिससे उसे न्याय दिलाया जाए। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और जांच शुरू की गई।
द्वारपूजा के दौरान पहुंची पुलिस
मामला सिधारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। शादी समारोह पूरे धूमधाम से चल रहा था और बारात पहुंचने के बाद द्वारपूजा की रस्म हो रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम पहली पत्नी को साथ लेकर मौके पर पहुंची।
अचानक पुलिस को देखकर शादी समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए। पुलिस सीधे स्टेज तक पहुंची और दूल्हे को वहीं से हिरासत में ले लिया। दूल्हे को पुलिस की गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाया गया, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
पहली पत्नी ने बताई पूरी कहानी
मौके पर मौजूद लोगों को पहले समझ नहीं आया कि आखिर पुलिस दूल्हे को क्यों ले जा रही है। बाद में पहली पत्नी ने बताया कि दूल्हा पहले उससे प्रेम विवाह कर चुका है और अब बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर रहा था।
यह बात सुनकर दुल्हन पक्ष समेत सभी लोग हैरान रह गए। दुल्हन पक्ष ने तुरंत शादी रोक दी।
दुल्हन पक्ष ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप
दूल्हे को थाने ले जाने के बाद दोनों पक्षों के लोग भी थाने पहुंचे। वहां देर रात तक पंचायत चलती रही, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका।
दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर पहले से शादी की जानकारी होती तो यह रिश्ता तय ही नहीं किया जाता।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक पहली पत्नी की शिकायत के आधार पर दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे शादी से पहले सही जानकारी न लेने का बड़ा उदाहरण मान रहे हैं।

Comments