बलिया में दोहरी मौत से सनसनी: युवक फंदे पर मिला, किन्नर का शव बक्से में बरामद
5 के खिलाफ हत्या की FIR
बलिया। बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में एक ही मकान से दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। रानीगंज बाजार स्थित चार मंजिला मकान में तीसरी मंजिल पर युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि चौथी मंजिल पर टीन के बक्से में किन्नर रेखा (55) का शव बरामद हुआ। रेखा पिछले तीन दिनों से लापता थीं।
गुरुवार सुबह युवक की पत्नी ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा और शोर मचाया। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन घर की सघन तलाशी के दौरान चौथी मंजिल से कूड़े के नीचे पॉलीथिन में लिपटा किन्नर का शव मिलने से मामला हत्या की दिशा में मुड़ गया।
पुलिस को घटना से एक दिन पहले का सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें रेखा किन्नर को युवक के घर में प्रवेश करते देखा गया है। बाहर निकलने का कोई फुटेज नहीं मिला। इसी आधार पर पुलिस ने युवक और उसके परिजनों से पूछताछ की। किन्नर समाज की तहरीर पर 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि रेखा नेग लेने युवक के घर पहुंची थीं। किन्नर समाज के लोगों ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर प्रदर्शन किया और मामले के जल्द खुलासे की मांग की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Comments