महिला शिक्षकों के कर्तव्य, चुनौतियाँ और योगदान पर विशेष: संतुलन, सहयोग और सम्मान की आवश्यकता  

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात | शिव शम्भू सिंह:

खड्डा क्षेत्र की शिक्षिका आशा शर्मा ने महिला शिक्षकों के कर्तव्यों, योगदान और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर विचार व्यक्त करते हुए समाज से संवेदनशील सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में महिला शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे न केवल विद्यार्थियों के ज्ञानार्जन में सहायक होती हैं, बल्कि उनके चरित्र निर्माण और समाज में शिक्षा के प्रसार में भी अहम योगदान देती हैं।
इसके बावजूद महिला शिक्षकों को अपने कार्यक्षेत्र और निजी जीवन में कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। परिवार और बच्चों को पर्याप्त समय न दे पाना, स्वयं के लिए समय का अभाव, तथा विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन के बीच अपने शौक और रुचियों को समय न दे पाना उनके भीतर मानसिक दबाव और कुंठा उत्पन्न करता है, जिसका असर उनके व्यक्तित्व और जीवन पर दिखाई देता है।
लेखिका का कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कुछ समय विश्राम, आत्ममंथन और आनंद के लिए भी चाहिए। महिलाओं को भी परिवार से सहयोग, अवसर और सम्मान मिलना चाहिए ताकि वे अपने व्यक्तित्व का पूर्ण विकास कर सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि स्त्रियों को केवल पारिवारिक दायित्वों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें अपने विचार और अभिरुचियों को व्यक्त करने का अवसर दिया जाए। जब परिवार और समाज मिलकर महिलाओं का सहयोग करते हैं, तब उनके भीतर की प्रतिभा और सृजनशीलता खुलकर सामने आती है, जिससे समाज और अधिक सशक्त और सुंदर बनता है।
आशा शर्मा ने समाज से अपील की कि महिलाओं को समझा जाए, उन्हें अवसर और सम्मान दिया जाए तथा उनके योगदान को स्वीकार किया जाए। इससे वे कुंठा से मुक्त होकर नए सृजन में योगदान देंगी और परिवार तथा समाज दोनों के लिए गौरव का कारण बनेंगी। उन्होंने अंत में इस सकारात्मक बदलाव के लिए अपनी शुभकामनाएँ भी व्यक्त कीं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें