खड्डा : तहरीर के एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं, खड्डा पुलिस पर सवाल
पीड़िता बच्चों संग न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर
जमीनी विवाद में महिला की पिटाई का आरोप, मेडिकल रिपोर्ट व लिखित तहरीर के बावजूद कार्रवाई नहीं; पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाने की दी चेतावनी
खड्डा, कुशीनगर। खड्डा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मठिया बुजुर्ग में जमीनी विवाद को लेकर एक महिला की कथित पिटाई का मामला सामने आया है, जिसमें पीड़िता द्वारा एक माह पहले लिखित तहरीर देने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे नाराज पीड़िता अपने दो छोटे बच्चों के साथ न्याय के लिए भटकने को मजबूर है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा मठिया बुजुर्ग निवासी आरती पत्नी भोला गोड को गांव के ही टुनटुन सिंह, काजल पत्नी टुनटुन सिंह तथा दारा पुत्र छेदी सहित परिवार के अन्य लोगों ने जमीनी विवाद को लेकर मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड्डा तुर्कहां में कराया गया, जहां से उसे मेडिकल रिपोर्ट भी प्राप्त हुई।
पीड़िता आरती देवी ने बताया कि घटना के बाद 14 जनवरी 2026 को खड्डा थाने में नामजद तहरीर दी गई, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार दबंगई दिखाते हुए गाली-गलौज और धमकी दे रहा है, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
आरती देवी ने कहा कि उनका परिवार अत्यंत गरीब है और वह मेहनत मजदूरी कर अपने दो छोटे बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। पुलिस की निष्क्रियता से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और कभी भी बड़ी घटना हो सकती है।
पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते खड्डा पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वह पुलिस अधीक्षक कुशीनगर और उत्तर प्रदेश सरकार को लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाएंगी, ताकि उनके परिवार को सुरक्षा और न्याय मिल सके।

Comments