कैसरबाग बस अड्डे से चलती बस में संदिग्ध तरल लोडिंग का आरोप
महिला यात्री ने की शिकायत
लखीमपुर खीरी- उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक बस यात्रा के दौरान महिला यात्री के साथ दुर्व्यवहार और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का गंभीर मामला सामने आया है। शारदानगर, लखीमपुर-खीरी निवासी ममता यादव ने आरोप लगाया है कि वे अपनी बीमार बहन के साथ बस संख्या **UP 31 BT 2457** से दोपहर **1:20 बजे** कैसरबाग बस अड्डा से लखीमपुर की यात्रा के लिए सवार हुई थीं।शिकायत के अनुसार, बस अड्डे से कुछ दूर चलने के बाद बस के पिछले हिस्से में **40-40 लीटर क्षमता के काले रंग के 8–10 जरीकेन**, जिनमें अज्ञात तरल पदार्थ भरा था, लादे गए। यह सामग्री बस के अंदर पीछे रखी गई, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए।
ममता यादव का कहना है कि जब उन्होंने महिला कंडक्टर से तरल पदार्थ के बारे में जानकारी मांगी तो उन्होंने बताने से इनकार करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि चालक ने भी अपमानजनक शब्दों में बस से उतर जाने को कहा। इस घटना से पीड़िता को मानसिक और शारीरिक पीड़ा हुई, जबकि उनकी बहन पहले से ही बीमार थीं।
पीड़िता ने मामले में जिम्मेदारों से कार्रवाई और स्पष्टीकरण की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन में इस तरह की संदिग्ध लोडिंग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। प्रशासन से अपेक्षा है कि मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।

Comments