नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
नगरपालिका चुनाव 2026: लातेहार में मतगणना कर्मियों का प्रथम चरण प्रशिक्षण संपन्न
27 फरवरी को होगी काउंटिंग
लातेहार, झारखंड:- नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के अंतर्गत लातेहार नगर पंचायत में 23 फरवरी 2026 को प्रस्तावित मतदान के बाद 27 फरवरी 2026 को होने वाली मतगणना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मतगणना कार्य को सफल, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को स्थानीय बनवारी साहू महाविद्यालय परिसर में प्रतिनियुक्त कर्मियों का प्रथम चरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम सामान्य प्रेक्षक योगेन्द्र प्रसाद की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक तथा अतिरिक्त गणना पर्यवेक्षकों को मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मतगणना टेबल की संरचना, मतपत्रों की जांच की विधि, वैध एवं अवैध मतों की पहचान, आवश्यक प्रपत्रों का संधारण, परिणामों के संकलन एवं अंतिम घोषणा की प्रक्रिया पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मतगणना कार्य पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया, ताकि काउंटिंग के दिन किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियात्मक त्रुटि की संभावना न रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 27 फरवरी को निर्धारित मतगणना शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, व्यवस्था और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Comments