नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
अब्दुल कलाम पार्क का होगा कायाकल्प
चिल्ड्रेन पार्क निर्माण और अग्रवाल गली सड़क का होगा शिलान्यास
बरही, हजारीबाग, झारखंड:- बरही क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार और शहरी सौंदर्यीकरण को लेकर बरही विधायक मनोज कुमार यादव लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को उन्होंने प्रखंड मैदान स्थित वर्षों से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े अब्दुल कलाम पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने पार्क की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद कर इसके समग्र विकास की रूपरेखा साझा की। निरीक्षण के दौरान विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि अब्दुल कलाम पार्क बरही का एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, लेकिन लंबे समय से रखरखाव के अभाव में यह उपेक्षित स्थिति में पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि पार्क की चारों ओर की चाहरदीवारी को ऊंचा किया जाएगा और सुरक्षा की दृष्टि से कांटानुमा तार से घेराबंदी कर इसे पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा। इससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगेगी और आम नागरिक निश्चिंत होकर पार्क का उपयोग कर सकेंगे। विधायक ने बताया कि पार्क के अंदर आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए अलग से चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें झूले, स्लाइड और अन्य खेल सामग्री लगाई जाएगी। इसके साथ ही सुबह-शाम टहलने वाले लोगों के लिए वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग इसका लाभ उठा सकें।
पूरे पार्क को हरियाली, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण के माध्यम से आकर्षक रूप दिया जाएगा। बताते चलें कि इससे पहले भी बरही विधायक मनोज यादव के प्रयास से पार्क का निर्माण कराया गया था, लेकिन देख-रेख के अभाव में पार्क जर्जर हो गया। विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि अब्दुल कलाम पार्क को सुसज्जित कर एक आदर्श सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी वर्ग के लोग समय बिता सकें। उन्होंने कहा कि बरही की जनता को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
पार्क निरीक्षण के बाद विधायक मनोज कुमार यादव अग्रवाल गली पहुंचे, जहां उन्होंने जर्जर सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वर्षों से आवागमन में भारी परेशानी होती रही है, खासकर बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अग्रवाल गली सड़क का शिलान्यास जल्द किया जाएगा। यह सड़क क्षेत्र की पुरानी और चिर-परिचित मांग रही है, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि बरही विधानसभा क्षेत्र के हर गांव और मोहल्ले का विकास उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्क सौंदर्यीकरण हो या सड़क निर्माण, सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Comments