नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
जगदीशपुर के विकास की आवाज सदन में बुलंद
जगदीशपुर। विधानसभा के बजट सत्र (वित्तीय वर्ष 2026–27) के चतुर्थ दिवस की कार्यवाही में 184 जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेश पासी ने क्षेत्रीय जनभावनाओं को मजबूती से सदन में उठाते हुए विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण मांगें प्रस्तुत कीं। उन्होंने जगदीशपुर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण तथा जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत रूप से अपनी बात रखी।
सदन में सहभागिता करते हुए विधायक ने जगदीशपुर में नई तहसील की स्थापना, मकदूमपुर में गोमती नदी पर पक्के पुल के निर्माण, शुकुल बाजार में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना तथा शुकुल बाजार व जगदीशपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अतिरिक्त क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण व ऊंचीकरण सहित अन्य विकास योजनाओं को भी सदन के समक्ष रखा।
विधायक सुरेश पासी ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों तथा विकासोन्मुखी सोच के अनुरूप अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं को सदन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश तीव्र गति से प्रगति के पथ पर अग्रसर है और इसी क्रम में जगदीशपुर क्षेत्र को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं, किसानों एवं मातृशक्ति से जुड़े मुद्दों को गंभीरतापूर्वक उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, कृषि अनुसंधान, यातायात सुविधा तथा प्रशासनिक सुलभता बढ़ाने से स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी।विधायक ने अंत में कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और वे जनता के विश्वास व आशीर्वाद से जगदीशपुर की उन्नति, समृद्धि एवं जनसेवा के लिए निरंतर सक्रिय और समर्पित रहेंगे।

Comments