बलिया में किन्नर रेखा रहस्यमय ढंग से लापता

खेत में मिला मोबाइल; पुलिस जांच तेज

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र में एक किन्नर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। रानीगंज-देवकी छपरा मार्ग स्थित किराए के मकान में रह रही किन्नर रेखा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे से अचानक गायब हो गईं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो साथियों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
 
रेखा के साथ रहने वाली किन्नर काजल, रीना और सोना ने बताया कि वे लोग बधाई कार्यक्रम में गए थे। सुबह करीब 11:30 बजे रेखा की अपने दादा गुरु से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद दोपहर एक बजे के आसपास उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। शाम तक खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी न मिलने पर वे बैरिया थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।
 
इसी बीच रेखा का मोबाइल फोन रानीगंज बाजार के पुरा फाटक के पास एक खेत में पड़ा मिला, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मोबाइल बरामद कर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
 
मामले को लेकर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने उच्च अधिकारियों से बातचीत कर जल्द खुलासा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। बैरिया के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद परिजन और साथी बेहद चिंतित हैं तथा क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार