संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
आश्रम पद्धति विद्यालयों में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि 20 फरवरी
बलरामपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जनपद के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि कक्षा 6, 7, 8, 9 एवं 11 की रिक्तियों को भरने के लिए अभ्यर्थी 20 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
जनपद के राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय, सेखुईकला, राजकीय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज, विशुनपुर विश्राम तथा राजकीय आश्रम पद्धति बालक विद्यालय, बालापुर में विभिन्न कक्षाओं में सीटें रिक्त हैं। इन सीटों पर चयन के लिए 15 मार्च 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
समाज कल्याण विभाग का उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के निर्धन लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना है। प्रवेश प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा सामान्य वर्ग के पात्र छात्र आरक्षण नियमों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
इन विद्यालयों में छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ आवास, भोजन, पाठ्य-पुस्तकें, यूनिफॉर्म, खेल सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं शासन द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम और कक्षा 11 के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन भी दिया जाता है।
आवेदन पत्र संबंधित विद्यालयों के कार्यालय या जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर अपने बच्चों को इस योजना का लाभ दिलाएं।अपने बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा दिलाकर उज्ज्वल भविष्य देने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।

Comments