नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
डीएम ने रात्रि में किया औचक निरीक्षण, रैन बसेरों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
बलरामपुर। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने सोमवार देर रात नगर पालिका परिषद बलरामपुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर रेलवे स्टेशन, बस अड्डा सहित नगर पालिका द्वारा संचालित रैन बसेरों में की गई व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने ठंड से बचाव के लिए किए गए प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंदों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरा प्रबंधन से उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और साफ-सफाई तथा कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर पालिका द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अलाव का प्रबंध तत्काल किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति खुले में रात गुजारने को मजबूर न हो।
जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर मौजूद यात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड के इस मौसम में प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना है तथा रैन बसेरों में हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।आधिकारिक टीम के साथ किए गए इस निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments