ब्रजेश पाठक का बड़ा राजनीतिक हमला: बलिया में बोले—UP में अखिलेश की राजनीति फेल, बंगाल में TMC का सफाया तय

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया।
 
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को बलिया में पश्चिम बंगाल और यूपी की राजनीति पर तीखे बयान देते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता के शुभारंभ के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बाबरी की तरह जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा।
 
पश्चिम बंगाल में बंकिमचंद्र चटर्जी के खंडहर हो चुके पुस्तकालय वाले मकान के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इसे सम्मान के साथ जीर्णोद्धार कराएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जब बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी, तभी बंकिमचंद्र चटर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पाठक ने दावा किया कि आने वाले चुनावों में ममता बनर्जी पूरी तरह साफ हो जाएंगी।
 
अखिलेश यादव के ‘राष्ट्रविवादी’ बयान पर पलटवार करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव दिग्भ्रमित हैं और मुस्लिम तुष्टीकरण तथा वोट बैंक की राजनीति के कारण अनर्गल बयान देते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव और कांग्रेस को “अपने गिरेबान में झांकने” की सलाह दी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों में गुंडों, बदमाशों, माफियाओं को पनाह मिली।
 
उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे वहां की जनता ने जंगलराज खत्म कर एनडीए को मजबूत बहुमत दिया, वैसे ही UP में भी सपा-कांग्रेस की दाल नहीं गलेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 2017 की तरह 325–330 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाएगी। रोहिंग्या मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा, “अगर बलिया में कोई एक भी रोहिंग्या मिलता है, तो उसे तुरंत जेल भेजा जाएगा।”
 
 
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें