नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
Haryana: हरियाणा में शीतलहर की दस्तक, 24 घंटे में तापमान में तेज गिरावट
Haryana Weather: हरियाणा में 1 दिसंबर की सुबह ठंड अपने चरम पर पहुंच गई। कई जिलों में पारा जमाव बिंदु के नज़दीक पहुंच गया है। हिसार में बीती रात तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे न्यूनतम तापमान है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है और यह सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन और रात दोनों समय ठंड का असर बढ़ गया है।
कोहरे का असर अब परिवहन पर साफ देखने को मिल रहा है। अंबाला से चलने वाली चार ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। वहीं दिल्ली–बहादुरगढ़–रोहतक रूट की कई ट्रेनों को भी अस्थायी रूप से रद्द किया गया है। दृश्यता कम होने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने पहले ही अलर्ट मोड अपना लिया है।
हिसार इस समय राज्य का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। यहां पिछले 24 घंटों में तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट आई है। वर्तमान में यह तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। करनाल का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, रोहतक का 6 डिग्री, और सिरसा का 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला, पंचकूला और कुरुक्षेत्र में तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
इससे पहले रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 26.2°C नूंह में रिकॉर्ड किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली और हिसार में यह 5.7°C दर्ज हुआ था। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 1 दिसंबर से शीतलहर का असर बढ़ सकता है और अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिर सकता है। राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय हल्की धुंध बने रहने की संभावना बनी रहेगी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने जानकारी दी कि 1 से 3 दिसंबर तक रात के तापमान में और गिरावट आएगी। उत्तर और पश्चिम हरियाणा में अलसुबह हल्की, जबकि दक्षिणी हरियाणा में हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं मध्यम गति से चलेंगी, जिससे सुबह-शाम ठंड जोर पकड़ेगी, हालांकि दिन में हल्की धूप राहत देगी। अधिकतम तापमान 23–26 डिग्री और न्यूनतम 6–10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
ठंड और कोहरे से बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। उत्तर रेलवे ने 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक कई पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। यह कदम कम दृश्यता, सिग्नल बाधाओं और संभावित हादसों को रोकने के लिए उठाया गया है।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments