नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
Haryana Budget: हरियाणा में भक्तों के लिए खुशखबरी, धार्मिक स्थलों के लिए चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
Haryana Budget: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री 2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया, जो पिछले बजट से 10.28 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव के सिद्धांत ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ से की और राज्य के समग्र विकास पर जोर दिया।
इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम और चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार, अमृतसर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए हरियाणा रोडवेज 50 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा। इसका उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देना है।
वर्तमान में 12 शहरों में चल रही इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा को अब शेष जिला मुख्यालयों तक विस्तारित किया जाएगा।
1,000 नई बसें और महिलाओं के लिए विशेष सुविधा
विद्यार्थियों को बेहतर यातायात सुविधा देने के लिए 1,000 नई बसों की खरीद की जाएगी। साथ ही महिला यात्रियों और छात्राओं के लिए समर्पित बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 की जाएगी। इससे महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
नए बस अड्डों का निर्माण
राज्य में परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए कनीना, नरवाना, गन्नौर और कलायत में नए बस अड्डों का निर्माण किया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा
एचएसएससी के परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के लिए एक विशेष वेब पोर्टल बनाया जाएगा। इसके माध्यम से उम्मीदवारों को परीक्षा के दौरान निशुल्क बस यात्रा का लाभ मिलेगा।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments