नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
बलरामपुर में मिड-डे मील घोटाला: ग्यारह करोड़ से अधिक सरकारी धन के गबन में डीसी MDM समेत पाँच गिरफ्तार
बलरामपुर। मिड-डे मील योजना में ग्यारह करोड़ से अधिक सरकारी धन के गबन का बड़ा खुलासा करते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला की जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली नगर में कुल 45 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने लगातार दबिशें देकर प्रमुख पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिला समन्वयक (डीसी MDM) फिरोज अहमद खान समेत गिरफ्तार आरोपियों पर आरोप है कि इन्होंने मिड-डे मील योजना में विद्यालयों के छात्रों की संख्या से जुड़े दस्तावेजों, एक्सल शीट और पोर्टल एंट्री में कूटरचना कर करोड़ों की धनराशि की हेराफेरी की।
शासन स्तर से स्वीकृत होने वाली एक्सल शीट को पीएफएमएस पर अपलोड करते समय धनराशि में हेराफेरी कर कुछ विद्यालयों के खातों में अधिक धन भेजा जाता था और अन्य विद्यालयों की धनराशि घटा दी जाती थी। जाँच में सामने आया कि बढ़ाई गई धनराशि विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान और अभिभावक समिति अध्यक्ष के जरिए निकाल ली जाती थी और फिर आपस में बाँट ली जाती थी। इस संगठित गबन में विभागीय कर्मचारियों से लेकर समिति पदाधिकारी तक की मिलीभगत उजागर हुई है। मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी कि मुखबिर की सूचना पर सैफ कॉलोनी, निमकौनी और नार्मल तिराहा क्षेत्र में छापेमारी कर पाँचों आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. फिरोज अहमद, डीसी MDM, निवासी बरगदवा सैफ 2. अशोक कुमार गुप्ता, प्रधानाध्यापक, निवासी बलुआ बलुई 3. नसीम अहमद, ग्राम प्रधान, निवासी चयपुरवा 4. मोहम्मद अहमदुल कादरी, अभिभावक समिति अध्यक्ष, निवासी मध्यनगर 5. मलिक मुन्नवर, सहायक अध्यापक, निवासी धुसवा
गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में उ०नि० संतोष कुमार, रमन कुमार वर्मा, नन्दकेश तिवारी सहित कुल 11 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा पूरे घोटाले की गहन विवेचना जारी है।

Comments