बीती रात दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत, छाया मातम

Swatantra Prabhat Reporters Picture
Published On

चित्रकूट। कर्वी-पहाड़ी मार्ग पर बीती रात एक तेज रफ्तार अज्ञात ऑटो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 20 वर्षीय रोहित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसका साथी संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर किया गया है।
 
जानकारी के मुताबिक, रोहित (उम्र लगभग 20 वर्ष), पुत्र स्व. गोरेलाल, निवासी सीतापुर बस स्टैंड के पास का रहने वाला था। वह किसी निमंत्रण कार्यक्रम से लौट रहा था। जैसे ही वह पहाड़ी थाना क्षेत्र के पास पहुँचा, तभी सामने से आ रही एक अज्ञात ऑटो ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
 
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक रोहित की सांसें थम चुकी थीं। वहीं, घायल संदीप की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया। मृतक रोहित, राजू कुशवाहा (पत्रकार) का चचेरा भाई था। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। पिता की मौत लगभग 7-8 साल पहले हो चुकी थी। रोहित बेहद होनहार और अपने परिवार की उम्मीदों का केंद्र था। उसकी असमय मृत्यु से पूरे सीतापुर में शोक की लहर दौड़ गई है।
 
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां-बेहद बेसुध हालत में हैं। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात ऑटो चालक की तलाश जारी है। रोहित की मौत से सीतापुर में हर आंख नम है। मोहल्ले के लोग बताते हैं कि वह बेहद विनम्र और मददगार युवक था। हर काम में आगे रहता था। लोगों को आज भी यकीन नहीं हो रहा कि वह अब इस दुनिया में नहीं रहा। पुलिस प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपी ऑटो चालक को पकड़ा जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments