नवीनतम
फीचर्ड
खजनी पुलिस की सख्ती से थमे भारी वाहनों के पहिए, ग्रामीण मार्गों पर लौटी राहत
टोल बचाने के लिए ग्रामीण सड़कों का इस्तेमाल कर रहे ट्रकों-ट्रेलरों पर कार्रवाई, लोगों ने पुलिस की पहल का किया स्वागत*
ब्युरो गोरखपुर कार्यालय (उत्तर प्रदेश )
ख़जनी गोरखपुर। दक्षिणांचल के खजनी, बांसगांव, कौड़ीराम सिकरीगंज, गोला और जैतपुर क्षेत्र में वर्षों से टोल टैक्स बचाने के उद्देश्य से भारी वाहनों द्वारा ग्रामीण सड़कों का व्यापक रूप से उपयोग किया जा रहा था। इससे क्षेत्र के लोगों को जाम, दुर्घटनाओं की आशंका और क्षतिग्रस्त सड़कों जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब खजनी पुलिस की सख्ती और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के बाद इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण दिखाई देने लगा है।
*क्षेत्राधिकारी खजनी विवेक तिवारी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक जयंत सिंह* के नेतृत्व में खजनी-जैतपुर, बांसगांव, मल्हनपार और आसपास के प्रमुख ग्रामीण मार्गों पर लगातार नाकेबंदी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की सक्रियता का असर यह रहा कि इन मार्गों पर भारी लोडेड ट्रकों और ट्रेलरों का आवागमन लगभग बंद हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार संकरी ग्रामीण सड़कों पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के संचालन से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता था। स्कूली बच्चों, किसानों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ती थी। भारी वाहनों के दबाव से सड़कें भी समय से पहले क्षतिग्रस्त हो रही थीं, जिससे शासन को मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ता था।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। हाल के दिनों में पुलिस द्वारा की गई सख्त नाकेबंदी और निगरानी से स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारी व्यावसायिक वाहनों को निर्धारित राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा फोरलेन मार्गों का ही उपयोग करना होगा। किसी भी परिस्थिति में ग्रामीण सड़कों को शॉर्टकट अथवा टोल बचाने के विकल्प के रूप में इस्तेमाल नहीं करने दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Read More विधायक गौरा ने मुख्य सेविकाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओ को कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट फोन वितरण कियापुलिस की इस पहल का स्थानीय व्यापारियों, किसानों और ग्रामीणों ने स्वागत किया है। क्षेत्र के *रामजी वर्मा, रामबृक्ष वर्मा, अनिल पांडेय, संतोष पाल, मनोज पटेरा, राजकुमार गुप्ता तथा लव त्रिपाठी सहित अनेक* लोगों ने इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगने से न केवल सड़क सुरक्षा बेहतर हुई है बल्कि ग्रामीण मार्गों पर यातायात भी पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस प्रशासन भविष्य में भी इसी तरह सतर्कता बनाए रखेगा, जिससे क्षेत्र में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।


Comments