महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी का मानवीय चेहरा, दुद्धी में बुजुर्ग असहाय की मदद कर पेश की मिसाल
महामंडलेश्वर बनने पर दुद्धी क्षेत्र में किरन नंदगिरी को मिली बधाइयों की बौछार
सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश -
जनपद के दुद्धी क्षेत्र में मानवता और सेवा की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश किन्नर प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष एवं सनातनी किन्नर अखाड़े की नव-नियुक्त महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी ने एक बुजुर्ग असहाय व्यक्ति की दवा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। इस सराहनीय पहल से क्षेत्र में उनके प्रति सम्मान और भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने इस कार्य को मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए उनकी प्रशंसा की।
ज्ञात हो कि हाल ही में किरन नंदगिरी को सनातनी किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके इस मनोनयन से दुद्धी क्षेत्र सहित पूरे सोनभद्र जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रीय लोगों सहित आम जनमानस ने उन्हें ढेर सारी बधाइयां एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाज सेवा के कार्य और अधिक गति पकड़ेगा।
जिसके क्रम में महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी ने अपने जजमानों और क्षेत्रवासियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है और वे आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करती रहेंगी। किरन नंदगिरी के इस सेवा भाव और सामाजिक समर्पण से क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश गया है, जिससे अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरणा मिल रही है।


Comments