घूरपुर में ईंट-भट्ठा मालिक पर फायरिंग

जमीनी विवाद में चचेरे भाइयों पर आरोप; दो हिरासत में

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

घूरपुर, प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अमिलिया गांव के पास ईंट-भट्ठा मालिक लाल बहादुर उर्फ गपोली पटेल (44) पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी, जिसमें वह घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
 
पुलिस के अनुसार, यह वारदात रविवार रात लगभग 10 से 10:30 बजे के बीच उस समय हुई जब गपोली पटेल अपने बंधवा बसवार गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर गए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि युवकों ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली उनके कान के पास से छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
 
घटना की सूचना मिलते ही घूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक जमीनी विवाद से जुड़ा पाया गया है। पुलिस ने इस मामले में गपोली के चचेरे भाइयों रमाशंकर और राजेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
 
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि लाल बहादुर पटेल का अपने चचेरे भाइयों के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में गपोली ने करोड़ों रुपये में करीब चार बीघा जमीन बेची थी, जिसके बाद विवाद और गहरा गया। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें