जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण : 25 कर्मियों का एक दिन का वेतन कटा, स्पष्टीकरण मांगा

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय परिसर में स्वच्छता और अनुशासन से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

सिद्धार्थनगर/ जिलाधिकारी  शिवशरणप्पा जी.एन. द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न पटलों का सोमवार को औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय, अभिलेखागार, प्रोबेशन, भूलेख, कोषागार, उपजिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का गहन अवलोकन किया।
 
रीक्षण के समय जिलाधिकारी ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव तथा साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया। सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय परिसर में स्वच्छता और अनुशासन से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
 
औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय बंद पाया गया। इसके अलावा कई अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिसमें संयुक्त कार्यालय के 13 कर्मचारी, भूलेख के 3 कर्मचारी, कोषागार के 6 कर्मचारी, आबकारी विभाग के 2 कर्मचारी तथा प्रोबेशन विभाग का 1 कर्मचारी शामिल है। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।साथ ही, जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए
 
अनुपस्थित पाए गए समस्त अधिकारी/कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश भी जारी किया। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि समयपालन, कार्य के प्रति जिम्मेदारी और कार्यालय व्यवस्था में सुधार लाया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments