प्रेमी से शादी की जिद में युवती 200 फीट टावर पर चढ़ी, ‘हां’ मिलते ही डेढ़ घंटे बाद उतरी सकुशल

सुखपुरा में हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस की मौजूदगी में फोन पर हुई बात के बाद बनी सहमति

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवती ने प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती को देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस की समझाइश और प्रेमी की सहमति मिलने पर युवती सकुशल नीचे उतर आई।
 
घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे सुखपुरा कस्बे में सिनेमा हॉल के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टावर के चारों ओर सुरक्षा के इंतजाम किए। युवती को नीचे उतारने के लिए उसके प्रेमी को बुलाया गया और दोनों की फोन पर बात कराई गई।
 
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले छह महीनों से प्रेम संबंध चल रहा था। सोमवार को युवती ने युवक को घर बुलाकर शादी का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने अपने बड़े भाई की शादी के बाद ही विवाह करने की बात कहकर मना कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी थी। उस समय पुलिस ने दोनों को समझाकर घर भेज दिया था।
 
पुलिस की इसी कार्रवाई से नाराज युवती ने अगले दिन यह कदम उठा लिया। हालांकि, मौके पर प्रेमी द्वारा शादी के लिए हामी भरने के बाद युवती शांत हुई और शाम करीब 5:20 बजे सुरक्षित नीचे उतर आई। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें