गौवंश आश्रय स्थलों के सुदृढ़ संचालन एवं सोलर सुविधाओं के स्थापना के संबंध में जिलाधिकारी ने की महत्वपूर्ण बैठक
अम्बेडकर नगर।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की उपस्थिति में जनपद में संचालित स्थाई एवं अस्थाई निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों के सुचारू संचालन तथा वहां सोलर पावर प्लांट एवं सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 39 स्थाई एवं अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें से अब तक 9 स्थलों पर सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने शेष 30 गोवंश आश्रय स्थलों में शीघ्र सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही 35 आश्रय स्थलों पर आवश्यकता अनुसार पर्याप्त संख्या में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने के भी निर्देश दिए, ताकि ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ हो सके।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सोलर पावर प्लांट एवं स्ट्रीट लाइट स्थापना का कार्य मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति—जिसमें जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी (नोएडा) शामिल हैं—की निगरानी में निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सभी गोवंश आश्रय स्थलों में बीमार एवं अस्वस्थ पशुओं की विशेष देखभाल तथा बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मृत पशुओं के नियमानुसार निस्तारण (दफन) तथा आश्रय स्थलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी आश्रय स्थलों में चारा, भूसा एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही गोवंशों को गर्मी व लू से बचाने हेतु टीन शेडों पर जूट के बोरे लगाए जाने एवं छायादार व्यवस्था सुनिश्चित करने करने के निर्देश दिए।


Comments