विशुनपुरा: माघी कोठिलवा में भावुक विदाई: प्रिय गुरुजनों के सम्मान में छलके छात्रों के आंसू
कुशीनगर। जिले के विकास खंड विशुनपुरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत माघी कोठिलवा स्थित प्राथमिक विद्यालय माघी कोठिलवा पश्चिमी एवं लोकनायक लघु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रविवार को भावुक माहौल के बीच दो सम्मानित शिक्षकों को विदाई दी गई। प्राथमिक विद्यालय में लंबे समय से कार्यरत श्री रामबृक्ष प्रसाद एवं लोकनायक लघु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक राजकुमार यादव को छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान ने दोनों गुरुजनों को फूल-माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान गोबरी उर्फ नथुनी चौहान ने कहा कि दोनों शिक्षकों का बच्चों के प्रति गहरा स्नेह और समर्पण रहा है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके मार्गदर्शन में कई बच्चों का भविष्य संवरा है। विदाई के इस भावुक क्षण में छात्र-छात्राएं अपने प्रिय शिक्षकों से बिछड़ने के दर्द से भावुक हो उठे। कई बच्चों की आंखें नम हो गईं। सभी ने गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया।


Comments