अजीर नदी पर चेकडैम की मंजूरी से जनता में खुशी की लहर, क्षेत्रवासियों को मिलेगा बड़ा फायदा
ब्लॉक प्रमुख के प्रयास से योजना को मिली स्वीकृति, जल्द शुरू होगी निर्माण प्रक्रिया
संतोष कुमार गुप्ता (संवाददाता)
बीजपुर/सोनभद्र-
म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के जरहा गांव स्थित अजीर नदी पर चेकडैम निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अजीरेश्वर धाम सरोवर तट के पास स्थित यह स्थान प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है, जहां चेकडैम बनने से क्षेत्र की खूबसूरती और भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। इस फैसले से मंदिर समिति और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। इस घाट पर छठ पूजा, जीवित्पुत्रिका जैसे कई पर्व धूमधाम से मनाए जाते हैं।
पानी की समस्या से मिलेगी राहत, पशु-पक्षियों को भी होगा लाभ
ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गौड़ के अनुसार, जिलाधिकारी को भेजे गए प्रस्तावों में से इस कार्य को स्वीकृति मिली है और स्थलीय निरीक्षण के बाद लघु सिंचाई विभाग को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया जारी है। चेकडैम बनने के बाद जहां सरोवर तट का स्वरूप और आकर्षक होगा, वहीं गर्मी के दौरान सूखने वाली नदी में जल संरक्षण होगा, जिससे पशु-पक्षियों और जंगली जानवरों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी और गांवों की ओर उनके भटकाव में भी कमी आएगी।


Comments