राजनीति
सामाजिक पूँजी’ से बदली गाँव की तस्वीर, सोशल कैपिटल क्रेडिड्स कार्यक्रम का सफल समापन, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
युवाओं ने ग्राम चौपाल, पौधारोपण एवं मतदाता जागरूकता अभियान सहित शिक्षा पर विशेष जोर दिया- चंद्र किरण तिवारी
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
जनपद के जनजातीय क्षेत्रों में उपक्रम एजुकेशनल फाउंडेशन व सोशल कैपिटल इनिशिएटिव्स के संयुक्त तत्वावधान में'तरुण्य युवा कार्यक्रम के तहत संचालित सोशल कैपिटल क्रेडिट्स (SoCCs) कार्यक्रम का समापन रविवार को विकास खण्ड चोपन के ग्राम पंचायत पड़रछ के टोला भालूकुदर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम प्रबंधक अंकित मौर्य ने बताया कि अगस्त 2025 से प्रारंभ हुए इस अभियान ने युवाओं के नेतृत्व में गाँवों में जागरूकता, शिक्षा और सामुदायिक भागीदारी की नई मिसाल पेश की।

समापन अवसर पर प्रतिभागी युवाओं को उनके योगदान के आधार पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में संस्था कि सह संस्थापक चंद्र किरण तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने ग्राम चौपाल, पौधरोपण एवं विभिन्न सामुदायिक बैठकों के माध्यम से एसएमसी, मतदाता जागरूकता और शिक्षा जैसे विषयों पर प्रभावी अभियान चलाया। गाँवों में मिनी वॉल लाइब्रेरी और यूथ बुलेटिन की स्थापना की गई, वहीं शुरू किया गया लर्निंग सेंटर आज समुदाय के लिए सीखने और संवाद का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

संस्था द्वारा छ: दिवसीय आवासीय कार्यशाला में युवाओं को डिजिटल साक्षरता, संचार कौशल, पुस्तकालय संचालन और कानूनी जानकारी से सशक्त किया। कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। बतातें चलें कि आदिवासी क्षेत्र में पहली बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी महिला द्वारा ध्वजारोहण कर एक नई परंपरा की शुरुआत किया। महिला दिवस के अवसर पर युवाओं ने समुदाय को बैंकिंग प्रक्रियाओं के बारे में अवगत कराया।
वर्षा जल संचयन और जल शुद्धिकरण प्रणाली पर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण ने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी प्रेरित किया।कार्यक्रम प्रबंधक अंकित मौर्य ने कहा कि यह पहल युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समुदाय में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई है। एक प्रतिभागी युवा अवधेश ने कहा कि अब हम अपने गाँव में बदलाव के लिए खुद आगे बढ़ रहे हैं।
समारोह के समापन पर युवाओं और समुदाय के लोगों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा भविष्य में इस पहल को और विस्तार देने का संकल्प लिया गया, जिससे अधिक से अधिक युवा जुड़कर अपने समुदाय के विकास में योगदान दे सकें। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम समन्वयक नूतन मेहरोत्रा व तूलिका द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपक्रम की सह संस्थापक चंद्र किरण तिवारी, निजी विद्यालय के प्रबंधक सिकंदर भारती रहे। इस मौके पर रीता देवी ,उषा देवी, अवधेश, दिनेश सहित अन्य लोग शामिल रहे।


Comments