डिजिटल फ्रॉड से बचाव को 9 से 15 मार्च तक डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह

इस अभियान के तहत विभिन्न बैंक और वित्तीय संस्थान जनजागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

कानपुर। डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित बनाने और लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए जनपद में 9 से 15 मार्च तक डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न बैंक और वित्तीय संस्थान जनजागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे।
 
लीड बैंक मैनेजर आदित्य चंद्रा ने बताया कि रिज़र्व बैंक के ‘हर पेमेंट डिजिटल’ अभियान के अंतर्गत यह सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन को डिजिटल भुगतान की उपयोगिता के साथ-साथ उसके सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में जागरूक करना है। इस वर्ष जागरूकता सप्ताह का मुख्य संदेश ‘थोड़ा ध्यान से - सावधान रहें अलर्ट रहें’ के माध्यम से डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
 
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बैंक शाखाओं, बाजारों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि भुगतान प्राप्त करने के लिए किसी को भी क्यूआर कोड स्कैन करने या पिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती। इसके साथ ही ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी भी स्थिति में किसी के साथ साझा न करने और आकर्षक ऑफरों के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी जाएगी।
 
आदित्य चंद्रा ने कहा कि डिजिटल भुगतान करते समय राशि और प्राप्तकर्ता के नाम की दोबारा जांच करना आवश्यक है। थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से सुरक्षित डिजिटल भुगतान को अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित बैंक अथवा प्राधिकरण को देने की अपील की।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें