नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
डीएम की अध्यक्षता में तहसील बलरामपुर में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ संपन्न
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
बलरामपुर, 07 मार्च 2026।
जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील बलरामपुर में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समाधान तय समय सीमा के भीतर हो और वह गुणवत्तापूर्ण व शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए।
संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई
भूमि विवाद एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें और विवादों का समाधान सुनिश्चित करें।
संवेदनशील ग्रामों में चौपाल
जिलाधिकारी ने उन ग्रामों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां भूमि विवाद के मामले अधिक हैं। ऐसे गांवों में राजस्व व पुलिस विभाग द्वारा विशेष चौपाल आयोजित कर मौके पर ही मामलों का निपटारा करने को कहा गया है।
समीक्षा एवं त्वरित निस्तारण
समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की। कार्यक्रम के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया गया कि वे स्वयं स्थल निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करें।
इस दौरान एसडीएम बलरामपुर, सीओ सिटी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments