पत्रकारों पर बढ़ते हमलों को लेकर द जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन, पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On


गोण्डा। उत्तर प्रदेश में पत्रकारों पर लगातार बढ़ रहे हमलों और दुर्व्यवहार की घटनाओं को लेकर द जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने शनिवार को कर्नलगंज तहसील में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा को सौंपा। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पत्रकार सुरक्षा अधिनियम जल्द लागू करने की मांग की है।ज्ञापन में संगठन ने प्रदेश में पत्रकारों के साथ हो रही हिंसक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। विशेष रूप से गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र में 27 फरवरी को पत्रकार एवं अधिवक्ता अग्निवेश सिंह की दिनदहाड़े पीट-पीटकर की गई हत्या का जिक्र किया गया। बताया गया कि नाली विवाद के दौरान दबंगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी, जबकि इस हमले में उनके भाई और पिता भी घायल हो गए।
 
मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। संगठन ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को कठोर से कठोर सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की गई है। इसके अलावा वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम में रंगभरी एकादशी के दौरान कवरेज कर रही एक महिला पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना का भी उल्लेख किया गया। आरोप है कि एसीपी सुरक्षा अंजनी कुमार राय ने महिला पत्रकार के साथ अनुचित व्यवहार करते हुए उसे धक्का दिया तथा उसके सहयोगी को थप्पड़ मार दिया। इस घटना को लेकर पत्रकार संगठनों में आक्रोश है। द जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे पत्रकारों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला हैं। यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं होंगे तो स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता संभव नहीं हो पाएगी।
 
इसलिए प्रदेश सरकार को पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कानून बनाना चाहिए। इस मौके पर एमडी मौर्य, पवनदेव सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव, अभय प्रताप सिंह, शिवकुमार पाण्डेय, अवधराज गोस्वामी, अमरेश प्रजापति, रविकांत मिश्र सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने ज्ञापन प्राप्त करते हुऐ उच्चाधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments