नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
*सिद्धार्थनगर : तेल और गैस का अवैध भंडारण पड़ेगा महंगा, डीएसओ ने दी चेतावनी*
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों और जमाखोरी की कोशिशों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस (सिलेंडर) की कोई कमी नहीं है ।
जिला पूर्ति अधिकारी ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा है कि जनपद में ईंधन की उपलब्धता पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि ईंधन की बिक्री पूर्व की भांति सामान्य रूप से सुचारू रहेगी। उपभोक्ताओं को घबराने या किसी भी प्रकार की अफवाह में आकर अतिरिक्त खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग भविष्य में किल्लत की आशंका में डीजल पेट्रोल और गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर रहे हैं। इस पर कड़ी चेतावनी देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि पेट्रोल डीजल और एलपीजी अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ हैं। इनका घरों में भंडारण करना गंभीर दुर्घटनाओं और जनहानि को निमंत्रण देना है। पेट्रोलियम नियमों के तहत ईंधन का अवैध भंडारण एक दंडनीय अपराध है। पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी पेट्रोल पंप मालिकों और गैस एजेंसी संचालकों को कड़े निर्देश जारी किए हैं नियमित आपूर्तिः प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में ईंधन और सिलेंडर का स्टॉक सुनिश्चित करें। केवल वास्तविक उपभोक्ताओं को ही नियमानुसार आपूर्ति दी जाए। पारदर्शिताः ईंधन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments