नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
सपा विधायक के भांजे बिपीएम शैलेश यादव की मार्ग दुर्घटना में मौत
रुधौली के पास अनियंत्रित होकर पलटी कार
सिद्धार्थनगर, जिले के (बर्डपुर) में डाक विभाग में बीपीएम के पद पर कार्यरत शैलेश यादव (25) पुत्र प्रदीप यादव ग्राम बभनान थाना गौर निवासी की एक भीषण सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब शैलेश यादव सिद्धार्थनगर से शनिवार देर शाम बस्ती की ओर जा रहे थे।
हादसा बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के रसिया पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शैलेश यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक शैलेश यादव बस्ती के सदर विधायक और समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव के सगे भांजे थे। जैसे ही दुर्घटना की खबर फैली, पोस्टमार्टम हाउस पर समर्थकों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस असामयिक मृत्यु से जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

Comments