नैनी में होली की आहट: रंग पिचकारी और मुखौटों से सजे बाजार

प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में होली से पहले बाजारों में रंग, पिचकारी और मुखौटों की धूम। बच्चों और युवाओं में हर्बल रंगों की बढ़ी मांग, बाजारों में दिखी उत्सव की रौनक

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

नैनी,प्रयागराज । होली का पर्व नज़दीक आते ही नैनी क्षेत्र के बाजार रंगों से सराबोर हो उठे हैं। गलियों और मुख्य सड़कों पर रंग, गुलाल और पिचकारियों की सजी दुकानों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी है। बच्चों से लेकर बड़े और बुज़ुर्ग तक जमकर खरीदारी कर रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन गया है।हनुमान नगर, स्टेशन रोड, मेवालाल बगिया, नैनी बाजार,शकरढाल, काटर मिल,सरगम, क्षेत्र में अस्थायी और स्थायी दुकानों पर रंग-बिरंगे गुलाल, विभिन्न डिज़ाइन की पिचकारियां, पानी के टैंक, गुब्बारे और होली से जुड़ा अन्य सामान सजाया गया है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में खरीदारी अच्छी चल रही है।

बाजारों में बच्चों के चेहरों पर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। कोई अपनी पसंदीदा कार्टून पिचकारी चुन रहा है तो कोई रंगों के नए शेड्स। वहीं युवाओं में हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों की मांग बढ़ी है।इस बार बाजारों में   मुखौटे भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अलग-अलग मुखौटे खरीदने वालों में खासकर युवाओं और बच्चों की दिलचस्पी देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार, ये मुखौटे हर साल होली के मौके पर खास तौर पर मंगाए जाते हैं और अच्छी बिक्री होती है।स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि होली से ठीक पहले के दो-तीन दिनों में भीड़ और बढ़ेगी और बिक्री अपने चरम पर पहुंचेगी। कुल मिलाकर नैनी क्षेत्र में होली की रौनक साफ दिखाई देने लगी है और बाजारों की चहल-पहल से त्योहार की खुशबू हर ओर फैल रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें