सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने सदन में उठाए स्वास्थ्य सुविधा एवं भूमि से जुड़े गंभीर मुद्दे
कटकमदाग–दारू में अस्पताल स्थापना और गैरमजरूआ भूमि मामलों के समाधान की मांग
हजारीबाग, झारखंड:- झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने हज़ारीबाग़ एवं राज्यहित से जुड़े दो अत्यंत महत्वपूर्ण जनहित के विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए सदन ही सबसे प्रभावी मंच है और जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाना उनका कर्तव्य है। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कटकमदाग एवं दारू प्रखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं की दयनीय स्थिति का मुद्दा सदन में उठाया।
उन्होंने कहा कि इन प्रखंडों में समुचित प्रखंड स्तरीय अस्पताल अथवा सुदृढ़ स्वास्थ्य केंद्र के अभाव में स्थानीय जनता को उपचार के लिए सदर अस्पताल या शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज पर निर्भर रहना पड़ता है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय, संसाधन और परिवहन की गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। विधायक ने सरकार से मांग की कि इन प्रखंडों में आवश्यक संसाधनों से युक्त अस्पताल की स्थापना की जाए तथा स्वास्थ्य संरचना को चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जाए।
गैरमजरूआ आम एवं गैरमजरूआ खास भूमि मामलों में जटिलताओं पर सवाल
दूसरे महत्वपूर्ण विषय के रूप में विधायक प्रदीप प्रसाद ने गैरमजरूआ आम एवं गैरमजरूआ खास भूमि से संबंधित जटिलताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि निबंधन, दाखिल-खारिज, एलपीसी निर्गत करने तथा ऑनलाइन अभिलेखों में विसंगतियों के कारण आम रैयतों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में खरीद-बिक्री की प्रक्रिया बाधित है, म्यूटेशन लंबित पड़ा है और राजस्व संग्रहण भी प्रभावित हो रहा है। विधायक ने कहा कि प्रशासनिक अस्पष्टता और तकनीकी त्रुटियों का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से लंबित मामलों का त्वरित, पारदर्शी और सरल समाधान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि आम जनता को अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं से राहत मिल सके। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं को सदन में पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ उठाना उनका दायित्व है। स्वास्थ्य और भूमि से जुड़े विषय सीधे आम नागरिकों के जीवन और अधिकारों से जुड़े हैं, इसलिए इन पर त्वरित कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार इन मुद्दों पर सकारात्मक और समयबद्ध पहल करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि हज़ारीबाग़ के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहित की रक्षा के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
swatantra prabhat hazaribagh news झारखंड विधानसभा Swatantra Prabhat Lucknow Pradeep Prasad MLA Jharkhand Assembly Budget Session Katkamdag Block Daru Block Jharkhand Health Facility Demand Hospital Establishment Hazaribagh Non Majrua Land Issue Land Mutation Problem Jharkhand Land Record Issue Sheikh Bhikhari Medical College Sadar Hospital Hazaribagh Jharkhand Politics News हजारीबाग समाचार प्रदीप प्रसाद विधायक कटकमदाग दारू अस्पताल मांग गैरमजरूआ जमीन मामला भूमि विवाद झारखंड

Comments