प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने विकासखंड सिंहपुर क्षेत्र में विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण
ग्रामीण पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा व गौसंरक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अमेठी। प्रदेश के खाद एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान विकासखंड सिंहपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने सर्वप्रथम ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना पेण्डारा का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत के सभी मजरों में नल कनेक्शन की स्थिति तथा निर्धारित समयानुसार जलापूर्ति की जानकारी ली।
उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर पेयजल उपलब्धता के संबंध में फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग ग्रामीण द्वारा राशन कार्ड न बनने की जानकारी देने पर मंत्री ने संबंधित पूर्ति निरीक्षक को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने सीएचसी सिंहपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, दवा वितरण कक्ष, वैक्सीन कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, एमएनसीयू वार्ड तथा ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर एवं सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रभारी मंत्री ने कंपोजिट विद्यालय एवं बीआरसी सिंहपुर का निरीक्षण करते हुए बच्चों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खारा स्थित गो आश्रय स्थल का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने गोवंशों के लिए हरे चारे, भूसे, पेयजल एवं पशु आहार की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं गोवंशों को गुड़ व केला खिलाया और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों की प्रशंसा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि गोसंरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा बीमार गोवंशों की नियमित देखभाल की जाए। इसके पश्चात उन्होंने बायोगैस प्लांट एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण किया। डीपीआरओ द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत खारा का समस्त कचरा प्रोसेस कर जैविक खाद तैयार की जाती है तथा गौशाला से प्राप्त गोबर व गोमूत्र से बायोगैस के माध्यम से ऊर्जा उत्पादन किया जाता है, जिससे आटा चक्की व अन्य उपकरण संचालित किए जाते हैं।
प्रभारी मंत्री ने इस अभिनव पहल की सराहना की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान, उपजिलाधिकारी तिलोई अमित सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम ए.के. राव, डीपीआरओ मनोज त्यागी, बीएसए संजय तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
breaking news hindi news uttar pradesh news hindi Swantantra prabhat news Swantantra prabhat news prayagraj swatantra prabhat amethi प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने विकासखंड सिंहपुर क्षेत्र में विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण ग्रामीण पेयजल स्वास्थ्य सेवाएं शिक्षा व गौसंरक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Comments